|
डीडी इंडिया
14 मार्च, 1995 को अपना अन्तर्राष्ट्रीय चैनल आरंभ करके दूरदर्शन ने विश्व के लिए अपने दरवाजे खोल दिए ।
वर्ष 2002 में इस चैनल का नया नाम डीडी इंडिया रखा गया जिसे इससे पूर्व डीडी वर्ल्ड के नाम से जाना जाता था ।
इस चैनल के कार्यक्रम अन्तर्राष्ट्रीय दर्शकों के लिए भारत की सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनैतिक और आर्थिक स्थिति का अद्यतन स्वरूप प्रस्तुत करते हैं ।
डीडी इंडिया चैनल आरंभ करने का उद्देश्य विदेशों में रहने वाले भारतीयों के साथ संचार की दूरी को समाप्त करना और उच्च गुणता वाले कार्यक्रमों के जरिए पूरे विश्व के सामने भारत का वास्तविक चित्र, इसकी संस्कृति, इसके मूल्यों, इसकी परम्पराओं, इसकी आधुनिकता, इसकी विविधता, इसकी एकता, इसके संघर्ष और इसके उल्लास को प्रदर्शित करना था, जो लोक सेवा प्रसारक की उत्कृष्ट परम्पराओं को निभाते हुए लोगों को सूचना एवं शिक्षा प्रदान करेगा और उनका मनोरंजन करेगा ।
डीडी इंडिया को नई दिल्ली से अपलिंक किया जाता है तथा इसके कार्यक्रम पीएएस-9 और पीएएस-10 उपग्रहों के माध्यम से विश्व के 146 देशों में देखे जा सकते है।
डीडी इंडिया पर दिखाए जाने वाले कार्यक्रमों में समाचार बुलेटिन, नवीनतम घटनाओं पर रूपक, मनोरंजनपरक कार्यक्रम, फीचर फिल्में, संगीत एवं नृत्य के कार्यक्रम, बच्चों के कार्यक्रम, विभिन्न आयोजनों एवं पर्यटन संबंधी कार्यक्रम शामिल हैं ।
हिंदी और अंग्रेजी के कार्यक्रमों के अलावा, उर्दू, पंजाबी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, गुजराती और मराठी भाषाओं के कार्यक्रम भी इस अन्तर्राष्ट्रीय चैनल पर प्रस्तुत किए जाते हैं ।
|